रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि कोरोना संकट के बीच सोशल डिस्टेनसिंग का पालन करते हुए मोदी सरकार- 2 के स्वर्णिम 1 वर्ष की उपलब्धियों को पार्टी जन जन तक पहुचायेगी.
दीपक प्रकाश आज इस संबंध में अभियान से जुड़े प्रदेश पदाधिकारियों,जिलाध्यक्षों सहित प्रदेश एवं विभिन्न जिलों के प्रमुख कार्यकर्ताओं की ऑनलाइन मीटिंग को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि कोरोना संकट से लड़ने में मोदी सरकार की प्रतिबद्धता एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के संकल्प को हमे जन-जन तक पहुचाना है. एक साल में हुए ऐतिहासिक निर्णयों ने देश की जनता को आनंदित किया है. राष्ट्रीय एकात्मता मजबूत हुई है. भारत का स्वाभिमान और सम्मान बढ़ा है. उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान लोकल के लिये वोकल होने को सफल बनाने केलिय संपर्क और संवाद बढ़ाने पर जोर दिया. श्री प्रकाश ने कहा कि कार्यकर्ता स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संकल्प भी दिलाएंगे.
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह पार्टी के तीन कार्यक्रमों, व्यक्तिगत संपर्क, डिजिटल संपर्क और वर्चुअल संवाद पर विस्तार से चर्चा की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से कोरोना संकट में पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने सोशल डिस्टनेसिंग का पालन करते हुए सेवा कार्य किया, गरीबों, जरूरतमंदों, प्रवासी मजदूरों को घर, हाईवे पर, कोरेन्टीन सेंटरों पर भोजन, अनाज,पानी मास्क ,सैनिटाइजर आदि का वितरण किया यह अत्यंत सराहनीय है. उन्होंने कहा कि सेवा के साथ एक साल की उपलब्धियों पर संवाद को बढ़ाना है. इस अभियान का माध्यम व्यक्तिगत संपर्क के साथ डिजिटल है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता कोरोना से बचाओ के उपायों का पालन करते हुए प्रधानमंत्री जी पत्र को घर -घर पहुचायेंगे वही डिजिटल संवाद और वर्चुअल संवाद से भी जनता तक
पहुचेंगे. इसमें राष्ट्रीय एवम प्रदेश के नेताओं का सम्बोधन भी होगा. श्री सिंह ने बताया कि पार्टी प्रेस वार्ता के माध्यम से भी उपलब्धियों को जन जन तक पहुचायेगी.
उन्होंने कहा कि विभिन्न मोर्चा के कार्यकर्ता गरीबों,जरूरत मंदों के बीच मास्क एवम सैनिटाइजर का वितरण करेंगे.

