रांची : भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सरकार के बनते ही राज्य में अपराधियों और उग्रवादियों का मनोबल बढ़ा है. प्रतिदिन राज्य में हत्या की घटनाएं हो रही है.
आद्त्य साहू, प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के निर्देश पर शुक्रवार को भाजपा बरियातू मंडल के वरिष्ठ कार्यकर्ता सजना राम के घर पहुंचे, जिनके पुत्र रघुनाथ राम की हत्या विगत दिनों अपराधियों ने कर दी. विदित हो कि प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश दिल्ली से लौटकर कोरेन्टीन में रहने के कारण स्वयं जाने में असमर्थ हैं.
श्री साहू ने सजना राम एवम परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर शोक प्रकट करते हुए पार्टी की ओर से स्व रघुनाथ राम को श्रद्धांजलि अर्पित की.
उन्होंने कहा कि यह हत्या पुलिस ,प्रशाशन की लापरवाही का नतीजा है. स्व रघुनाथ ने पुलिस को अपनी हत्या की आशंका की लिखित शिकायत की थी परंतु पुलिस कान में तेल डालकर सोयी रही जिससे स्पस्ट होता है कि इसमें प्रशाशन की मिलीभगत है.
उन्होंने कहा कि पूरे राज्य की जनता अपराधियों और उग्रवादियों के बढ़ते आतंक से सात महीने में ही तंग आ चुकी है. एक तरफ कोरोना का संकट दूसरी तरफ उग्रवादियों के आतंक से जनता भयभीत है और दोनों को रोकने में राज्य सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही.
उन्होंने कहा कि गांव शहर में लेवी, फिरौती वसूली बड़े पैमाने पर शुरू हो चुकी है जिसमे भाजपा कार्यकर्ताओं को विशेषकर टारगेट किया जा रहा है. उन्होंने बरवाडीह,बरहेट,जमशेदपुर आदि स्थानों पर विगत दिनों घटी घटनाओं का उल्लेख किया.
भाजपा परिवार दुख की घड़ी में साथ खड़ी है…..धर्मपाल सिंह
प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि राज्य में बढ़ती हत्याएं चिंता की बात है. राज्य सरकार यदि नागरिक के जान की सुरक्षा नही कर सकती तो फिर शाषण चलाने का नैतिक हक नहीं.
उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पार्टी स्व राम के परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी.
आवास पर मुलाकात करने वालों में रांची महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता, प्रदेश कार्यालय सह सचिव सूरज चौरसिया,युवा मोर्चा के सूर्यप्रभात आदि शामिल हैं.

