रांचीः मरकच्चो थाना क्षेत्र स्थित दरदाही गांव में बुधवार की देर शाम कुएं में गिर कर डूबने से भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई. वह सरस्वती पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन जुलूस के साथ जा रहे थे. इसी दौरान युवकों में आपस में विवाद हुआ और उनमें से एक युवक नाराज होकर कुएं के पास चला गया. उसे समझाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता उसके पास पहुंचे और इसी दौरान पैर फिसलने से कुएं में जा गिरे. कुएं में बाउंड्री नहीं है.
दुकलाल प्रसाद शर्मा की दरदाही गांव में प्लाई बोर्ड की दुकान है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकलाल प्रतिमा विसर्जन जुलूम में साथ जा रहे थे. जैसे ही जुलूस बरियारडीह-मरक्कचो मेन रोड के पास पहुंचा, युवक आपस में ही डीजे नहीं बजने की बात पर उलझ गए. इस दौरान एक युवक नाराज होकर कुएं के पास चला गया. कुंआ सड़क के किनारे है.
दुकलाल उस युवक को समझाने के लिए उसके पास पहुंचे ही थे कि पैर फिसलने से वो कुएं में जा गिरा. करीब 20 मिनट बाद लोग कुएं में उतरे और दुकलाल को बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

