केंद्र सरकार झारखंड की जनता के साथ है खड़ीः दीपक प्रकाश
रांची:- कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, विधायक और सांसदों की वर्चुअल बैठक सम्पन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमन्त सरकार की लापरवाही और उदासीनता के कारण कोरोना संक्रमण भयावह रूप लेता जा रहा है. कोरोना ने राज्य की स्थिति बिगाड़ दी है. राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के बजाए अपनी विफलता छुपाने में लगी है. यह समय है मिलजुल कर इस लड़ाई को लड़ने की और फतह करने की.
उन्होंने कहा कि राज्य के हालात को देखते हुए उन्होंने केंद्र सरकार के डी. वी. सदानंद गौड़ा केंद्रीय मंत्री(रसायन एवं उर्वरक), पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई मंत्रियों से बात चीत किया. जिसमें केंद्रीय मंत्रीगण ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार, झारखंड की जनता के साथ खड़ी है. यहां किसी भी तरह के ऑक्सीजन, दवा या वैक्सीन की कमी नहीं होने देंगे. रेमिडैक की भी पूर्ति करने को तैयार है, इसके लिए राज्य सरकार की ओर से पहल किया जाना बाकी है. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि उन्होंने सीसीएल और बीसीसीएल से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधा बढ़ाने की अपील की है.

