रांची: हेमंत सोरेन को लेकर भाजपा का दांव उल्टा पड़ता दिखाई दे रहा है. जिस युवती को लेकर भाजपा नेता सोरेन पर निशाना साध रहे थे, उसी ने इन्हें निशाने पर ला दिया है. उस युवती ने पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी और निशिकांत दुबे सहित चार लोगों पर अपने बारे में गलत ट्वीट करने का आरोप लगाया है. उसने यहां तक कहा है कि अगर उसे कुछ हुआ, तो इसके लिए जहूर आलम, बाबूलाल मरांडी, निशिकांत दुबे और सुनील तिवारी जिम्मेदार होंगे.
जानकारी हो कि आयशा खान नामक युवती को लेकर भाजपा नेताओं ने हेमंत सोरेन पर दुष्कर्म करने के आरोप लगाये थे. उनका कहना था कि मुंबई के एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया गया था. इसकी शिकायत उसने स्थानीय थाने में की थी. इसपर राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मुंबई पुलिस से रिपोर्ट तलब की थी. भाजपा नेताओं ने कहा था कि युवती ने इस मामले में शिकायत की थी. बाद में वापस ले लिया था. कुछ दिन पहले इसी आयशा खान ने फिर से हेमंत सोरेन के खिलाफ शिकायत की थी, जिसे भाजपा नेताओं ने जोरशोर से उठाया था.
इस सियासी घमासान के बीच आयशा का एक वीडियो जारी हुआ है. इसमें उनसे भाजपा के प्रमुख नेताओं पर खुद को बदनाम करने का आरोप लगाया है. इस वीडियो में युवती ने कहा है कि मुझे ब्लैकमेल किया जा रहा है. डराया और धमकाया जा रहा है. मैंने पुलिस को इस मामले में मेल के माध्यम से शिकायत की है. मेरे बारे मे बहुत गलत-गलत ट्वीट किया जा रहा है. मुझे बहुत डर लग रहा है. मैं पुलिस से बस इतना चाहती हूं कि अगर मुझे कुछ हो जाए तो उसके जिम्मेदार जहूर आलम, सुनील तिवारी, बाबूलाल मरांडी और निशिकांत दुबे होंगे.

