रांची: भारतीय जनता पार्टी का केंद्रीय जांच दल पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदरी प्रखंड के बुरुगुलीकेरा गांव के लिए रवाना हो चुका है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर गठित इस छह सदस्यीय जांच दल में झारखंड के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ पार्टी नेता शामिल है.
भाजपा की उच्चस्तरीय जांच समिति में शामिल नेता बुरुगुलीकेरा गांव पहुंच कर पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकात कर घटना की जानकारी हासिल करेगी और फिर यह कमेटी अपनी रिपोर्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौपेंगी. जिसके बाद भाजपा इस मुद्दे को लेकर आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रम की रूपरेखा तय करेगी.जेपी नड्डा ने एक सप्ताह के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.
छह सदस्यीय समिति में गुजरात के सांसद जसबंत सिंह, झारखंड के राज्यसभा सांसद समीर उरांव, महाराष्ट्र के सांसद भारती पवार, छत्तीसगढ़ की सांसद गोमती साय, पश्चिम बंगाल के सांसद जोन बारला और राज्य के पूर्व मंत्री और विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा शामिल है.

