रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार जन विरोधी, महिला विरोधी, आदिवासी विरोधी, गरीब विरोधी और झारखंड विरोधी सरकार है. दीपक प्रकाश आज भाजपा द्वारा आयोजित फेसबुक लाइव के माध्यम से अध्यादेश विरोधी कार्यक्रम में बोल रहे थे.
दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार के तुगलकी फरमान की हद हो गई. लोकतांत्रिक व्यवस्था में मास्क नही लगाने पर एक लाख का जुर्माना या दो साल की जेल की सजा राज्य की जनता के दमन का रास्ता खोलता है. यह सरकार गरीब, मजदूर,किसान बेरोजगार के दर्द को नही समझती.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लगातार फेस कवर के रूप मे तौलिया, गमछा, रुमाल, ओढ़नी आदि के प्रयोग पर जोर दिया है. परंतु राज्य सरकार मास्क का अध्यादेश बनाकर जनता का भयादोहन करना चाहती है. यह परिवारवाद और राजतंत्र की व्यवस्था का परिचायक है. महागठबंधन के लोग इसी मानसिकता के पोषक हैं.
उन्होंने कहा कि सत्ता प्राप्ति के लिए इस ठगबंधन ने जनता को मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखाए परंतु सत्ता मिलते ही ये सब भूल गए.
कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है. कोरोना की जांच व्यवस्था में राज्य का स्थान 34वां है. टेस्टिंग रिपोर्ट में कई दिन लग जा रहे टेस्टिंग में बिचौलिये शामिल है, व्यवस्था आम आदमी की पहुंच से बाहर, अस्पतालों में बेड नही,डॉक्टर्स नही,एम्बुलेंस नही. ऐसे में जनता हताश और निराश है. सरकार में इच्छाशक्ति का घोर अभाव है और सरकार इस संकट के दौर में भी ट्रांसफर पोस्टिंग उद्योग चला रही है. बिचौलिये और नौकरशाह हावी हैं.
राज्य में अपराधियों,उग्रवादियों ने तांडव मचा रखा है. रोज हत्याएं हो रही है. आम आदमी को कौन कहे मुख्यमंत्री को भी धमकियां मिल रही है.
उन्होंने कहा कि सरकार में सिर्फ कागजी घोड़ा दौड़ाया जा रहा है. सरकार के पास प्रवासी मजदूरों केलिये न कोई आंकड़ा है,न कोई स्किल मैपिंग है.
उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूर राज्य की पूंजी हैं जिनके समुचित प्रबंधन और समायोजन की सरकार कोई चिंता नही कर रही.
श्री प्रकाश ने कहा कि झारखंड गठन के बाद पहली बार ऐसी जन विरोधी और दिशाहीन सरकार बनी है.
कहा कि भाजपा एक सशक्त और सकारात्मक विपक्ष के नाते राज्य की जनता की भावनाओं के साथ खड़ी है। पार्टी ने जनविरोधी सरकार के खिलाफ शंखनाद कर दिया है.
कहा कि नेता विधायकदल श्री बाबूलाल मरांडी एवं स्वयं उन्होंने महामहिम राज्यपाल से हेमंत सरकार के अध्यादेश जो एक तुगलकी फरमान है को निरस्त करने की मांग की है.
कहा कि पार्टी केवल बयानों पर चलने वाली सरकार के मुखौटे को उखाड़ने का कार्य करेगी.
कारगिल शहीदों को नमन
श्री प्रकाश ने कारगिल दिवस के अवसर पर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश एकता और अखंडता केलिये अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर योद्धा माँ भारती के सच्चे सपूत है जिन्हें पूरा देश नमन करता है.
उन्होंने कहा कि श्रधेय अटल जी के नेतृत्व मे कारगिल विजय भारत की ऐतिहासिक विजय है जो सेना के शौर्य गाथा को स्वर्णाक्षरों में अंकित करता है.
प्रेरणादायक मन की बात
आज प्रधानमंत्री जी के मन की बात पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का उद्बोधन मन को छुने वाला और प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम नौजवानों में ऊर्जा का संचार करता है. देश के हर कोने से जुड़ी जानकारियों से भरा संदेश राष्ट्र की एकात्मता को सुदृढ़ करता है.
उन्होंने कहा कि झारखंड के सुदूर वनवासी क्षेत्र बिशुनपुर के लेमन ग्रास की चर्चा करके प्रधानमंत्री जी ने देश और दुनिया मे झारखंड को प्रतिष्ठापित किया है.प्रदेश भाजपा राज्य की जनता की ओर से आभार प्रकट करती है.
आज पूरे प्रदेश में फेसबुक लाइव के माध्यम से पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं सहित जन प्रतिनिधियों पार्टी के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार के जन विरोधी अध्यादेश को निरस्त करने की मांग की.
आज पार्टी का तीनदिवसीय पौधा रोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ जिसमे निर्धारित लक्ष्य के अनुरुप 5 लाख पौधे प्रदेश भर में लगाये गए.

