रांचीः भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद गिरिडीह चंद्र प्रकाश चौधरी शारदीय नवरात्र के अवसर पर शुक्रवार को रजरप्पा मंदिर में मां छिन्नमस्तिका की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की. पूजन का कार्य पंडित शुभाशीष ने संपन्न कराया.
सभी वर्गों के लोगों का जीवन स्तर सुधारना सरकार की प्राथमिकता
पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता की प्रगति एवं खुशहाली के लिए मां की आराधना करने रजरप्पा आया हूं. सभी वर्गों के लोगों का जीवन स्तर सुधारना सरकार की प्राथमिकता रही है. उन्होंने कहा कि विकास की राह पर खड़े अंतिम व्यक्ति को समृद्ध बनाना सरकार का ध्येय है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का मुख्य सेवक होने के नाते प्रार्थना किया कि राज्य से बेरोजगारी, गरीबी समूल मिटा सकूं, मां छिन्नमस्तिका हमें उतनी शक्ति प्रदान करें.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है नया भारत, विकसित भारत और समृद्ध भारत बनाना है. इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. हमें भी नया झारखंड, विकसित झारखंड और समृद्ध झारखंड बनाना है.
किया जा रहा है विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित
मुख्यमंत्री ने कहा कि रजरप्पा स्थित सिद्धपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है. प्राकृति की आंचल में बसा रजरप्पा का विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल बनने से आसपास क्षेत्र के लोगों का रोजगार भी बढ़ेगा. पूजा-अर्चना के बाद मन्दिर के पुजारियों ने मुख्यमंत्री एवं जेपी नड्डा को दोपहर का भोग लगा प्रसाद खिलाया. इससे पहले रजरप्पा मंदिर परिसर से लगभग 5 किलोमीटर दूरी पर बनाए गए हेलीपैड पर मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का स्वागत रामगढ़ उपायुक्त संदीप सिंह, आरक्षी अधीक्षक रामगढ़ प्रभात कुमार ने किया.

