रांची: भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं विधायक अनंत ओझा ने कहा कि कोरोना संकट के बीच भाजपा मोदी सरकार 2 के स्वर्णिम एक वर्ष की उपलब्धियों, आत्म निर्भर भारत के संकल्प के साथ स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पाद को बढ़ावा देने के संकल्प, कोरोना से बचाव के उपायों के साथ जनता के बीच पहुंच रही है.
सोशल मीडिया नेटवर्क पर पार्टी के कार्यक्रमों से लाखों लोग जुड़ रहे है और यही कारण है कि भाजपा, झामुमो के नेता बौखलाहट में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि राज्य की सत्ता में बैठे लोगों केंद्र से प्राप्त अतिरिक्त अनाज को भी गरीबों में बांटने में विफल रहे. गरीब भूख से मरते रहे और तुष्टिकरण की राजनीति चलती रही.
क्वारंटीन सेंटर पर सुविधाओं का घोर अभाव जग जाहिर है. जांच तो भगवान भरोसे ही है. लोग क्वारंटीन से घर लौट जा रहे हैं तब तक जांच नहीं हो पा रही. यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति राज्य सरकार की उदासीनता को दर्शाता है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को बताना चाहिये कि गरीबों के ट्रेन किराया भुगतान करने का संकल्प बैनर होर्डिंग तक ही क्यों सिमट कर रह गया. जनता जानना चाहती है कि ढिंढोरा पिटनेवाली कांग्रेस ने कितना किराया भुगतान किया.
उन्होंने कहा कि भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं ने 2 महीने के लॉकडाउन में गरीबों, मजदूरों, जरूरतमंदों की हर संभव सहायता की कोशिश की. लाखों पैकेट मोदी आहार, मोदी राशन अनाज, आलू, दाल, प्याज, बिस्किट, चूड़ा, पानी, चप्पल, सैनिटाइजर मास्क बांटे. हाईवे से लेकर क्वारंटीन सेंटर तक प्रवासी मजदूरों, जरूरतमंदों की सेवा की.
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केंद्र सरकार की उपलब्धियों के साथ कोरोना से बचाव की जागृति भी कर रहे. साथ में स्वदेशी स्वावलंबन लोकल के लिये वोकल का प्रचार कर रहे. ऐसे कार्यक्रमों से कांग्रेस झामुमो बौखलाए हुए हैं.

