खास बातें:-
-
30 जून को समाप्त हो रहा है राज्य निर्वाचन आयोग के अध्यक्ष एनएन पांडेय का कार्यकाल
- झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ अरविंद प्रसाद दे चुके हैं इस्तीफा
राजेश तिवारी,
रांचीः झारखंड सरकार के दो प्रमुख आयोग राज्य निर्वाचन आयोग और झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के नये अध्यक्ष पर जल्द ही फैसला हो सकता है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग की जिम्मेवारी आईएएस अफसर बीके त्रिपाठी (रिटायर) को सौंपी जा सकती है. बीके त्रिपाठी पूर्व सीएम शिबू सोरेन के प्रधान सचिव भी रह चुके हैं.
वहीं वर्तमान में राज्य निर्वाचन आयोग के अध्यक्ष एनएन पांडेय का कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है. फिलहाल राज्य निर्वाचन आयोग के अध्यक्ष का कार्यकाल तीन साल का ही है. पूर्व मुख्य सचिव राजबाला वर्मा के समय अध्यक्ष का कार्यकाल पांच साल से घटा कर तीन साल कर दिया गया था. अब फिर पंचायती राज विभाग ने इसे पांच साल करने का प्रस्ताव बढ़ाया है.
वहीं झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष पद के लिए पूर्व मुख्य सचिव डीके तिवारी का नाम सामने आ रहा है. फिलहाल विद्युत नियामक आयोग में अध्यक्ष का पद खाली है. आयोग के अध्यक्ष डॉ अरविंद प्रसाद लगभग डेढ़ सप्ताह पहले इस्तीफा दे चुके हैं. दोनों आयोग महत्वपूर्ण भी हैं. इसलिए सरकार इस पर जल्द फैसला ले सकती है.

