कनाडा: प्रिंस हैरी के एक ऐसे खुफिया टेलीफोन बातचीत का खुलासा हुआ है, जिसमें उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जमकर भड़ास निकाली है. उन्होंने ट्रंप के बारे में कहा है कि उनके हाथ खून से सने हैं. वो एक बीमार आदमी है, जो पूरी दुनिया को बर्बाद कर रहा है. प्रिंस हैरी की इस खुफिया टेलीफोन बातचीत का खुलासा होने पर पूरी दुनिया में हंगामा मच गया है.
बताया जा रहा है कि रूस के कुछ शरारती फोन कॉलर्स ने खुफिया तरीके से प्रिंस हैरी को फोन किया और उनसे की गई बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया. प्रिंस हैरी के साथ की गई वो टेलीफोन बातचीत लीक हो गई है. इसमें प्रिंस हैरी अमेरिकी राष्ट्रपति पर भड़के हुए दिख रहे हैं. प्रिंस हैरी पर्यावरण के मसलों पर बात करते सुने जा रहे हैं और इसी मुद्दे पर ट्रंप पर भड़कते सुनाई देते हैं.
डेली मेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रिंस हैरी कहते हैं- मैं सोचता हूं कि डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका में कोल इंडस्ट्री को बहुत बड़ा बना रहे हैं. उनके हाथ खून से सने हैं. इसके बाद वो आगे कहते सुनाई देते हैं कि ये दुर्भाग्य है कि दुनिया को कुछ बहुत ही बीमार टाइप के लोग चला रहे हैं. आपकी तरह और आपके जैसी युवा पीढ़ी ही इसमें कुछ बदलाव ला सकती है.
दरअसल, रूस के कुछ शरारती फोन कॉलर्स ने पर्यावरण के लिए काम करने वाली ग्रेटा थनबर्ग और उनके पिता सुनटे थनबर्ग बनकर प्रिंस हैरी को फोन किया था. प्रिंस हैरी को कनाडा के उनके लग्जरी घर पर इनलोगों ने दो बार फोन किया. प्रिंस हैरी को लगा कि वो पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने वाली ग्रेटा थनबर्ग और उनके पिता से बात कर रहे हैं. फोन कॉलर्स ने उनके साथ की गई बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया. अब वो टेलीफोन बातचीत लीक हो गई है.
प्रिंस हैरी ने नकली ग्रेटा से टेलीफोन बातचीत में कहा कि वो कमांडर इन चीफ को चालाकी से मात दे सकती हैं, जिनके साथ उनकी पब्लिक प्लेटफॉर्म पर भिड़ंत हुई थी, जब ग्रेटा को टाइम मैगजीन के पर्सन ऑफ द ईयर चुने जाने पर ट्रंप ने उनकी आलोचना की थी.

