खास बातें:-
-
पत्थलगड़ी विरोधियों की हत्या के बाद उच्चस्तरीय बैठक
-
सीएम भी दिल्ली से लौटने पर अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा
रांची: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूरवर्ती इलाके से पुलिस ने बुधवार को पत्थलगड़ी विरोधियों के सात शवों को बरामद कर लिया. पत्थलगड़ी मामले में पहली बार इस तरह की हिंसक घटना हुई है और दो पक्षों के बीच झड़प के बाद लोगों की जान चली गयी है.
घटना के बाद गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में रांची में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हो रही है, वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी नई दिल्ली से लौटने के बाद दोपहर बाद वरीय पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. आरक्षी महानिरीक्षक (अभियान) साकेत कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की है.
उन्होंने बताया है कि यह घटना कैसे हुई और किन लोगों ने ग्रामीणों को मारा है, उसके बारे में अनुसंधान के साथ पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है. लाशों की पहचान की जा रही है. पुलिस को पता चला है कि और दो लोग लापता हैं. इस खबर की भी पुष्टि की जा रही है.
उन्होंने बताया कि बुरुगुलीकेरा गांव से चार किलोमीटर दूर जंगल में अलग- अलग जगहों से लाशें मिली है. कोल्हान के डीआईजी कुलदीप द्विवेदी और चाईबासा के एसपी इंद्रजीत महथा गुदड़ी में कैंप कर रहे हैं. जिला मुख्यालय से अतिरिक्त बल बुलाकर जगह-जगह तैनाती की गई है. साथ ही राज्य मुख्यालय के अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं. इस घटना के सामने आने से कई गांवों में सन्नाटा है. पत्थलगड़ी समर्थकों की गतिविधियां अचानक थम गई है.
घटनास्थल जमशेदपुर से करीब डेढ़ सौ किलोमीटर और चक्रधरपुर से 70 किमी तथा सोनुवा से 35 किमी सुदूर जंगल में है. गांव के चारों ओर पाहड़ हैं.
घटना के बाद से पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. करीब तीन हजार सुरक्षा कर्मी इलाके में सर्च ऑपरेशन में जुटे है.
गौरतलब है कि घटना के संबंध में यह बात सामने आयी है कि गुदड़ी प्रखंड अंतर्गत बुरुगुलीकेरा गांव में पत्थलगड़ी समर्थक और विरोधियों के बीच 17 जनवरी को हिंसक झड़प के बाद रविवार को गांव में बैठक हुई थी, जिसमें पत्थलगड़ी का विरोध करने वाले उप मुखिया समेत सात लोगों की जमकर पिटाई की गयी और फिर उन्हें जंगल की ओर ले जाया गया था.
उपमुखिया समेत अन्य अपहृतों के परिजन हत्या कर दिये जाने की आशंका व्यक्त कर रहे थे और पुलिस को सूचना दी गयी थी.
पुलिस ने छानबीन के बाद सात में से पांच लोगों के शव को बरामद कर लिया है. हालांकि, इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है.

