रांचीः दुर्गा पूजा की छुट्टी का लुत्फ ब्यूरोक्रेट्स से लेकर सचिवालय के सहायक प्रशाखा पदाधिकारी तक उठा रहे हैं. पूरा सरकारी महकमा अपने अंदाज में छुट्टी मना रहा है. कोई विदेश की सैर में निकल गए हैं, तो कोई अपने घर में ही पूजा-अर्चना में लगे हैं. राज्य के टॉप लेवल के आइएएस विदेश यात्रा पर हैं. मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल तुर्की की यात्रा पर निकल गए हैं.
कार्मिक विभाग के अपर सचिव दक्षिण कोरिया के लिए निकले
कार्मिक विभाग के अपर मुख्य सचिव दक्षिण कोरिया की यात्रा पर हैं. वहीं मुख्य सचिव डॉ डीके तिवारी अमेरिका गए हैं. जानकारी के अनुसार मुख्य सचिव 18 अक्तूबर तक, अपर मुख्य सचिव केके खंडेलवाल 14 अक्तूबर तक और डॉ सुनील कुमार वर्णवाल 10 अक्तूबर तक छुट्टी पर हैं. खंडेलवाल के वापस लौटने तक राज्यपाल के प्रधान सचिव सत्येंद्र सिंह कार्मिक विभाग के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे. वहीं कल्याण सचिव हिमानी पांडेय भी छुट्टी पर हैं.
राज्य सेवा और सचिवालय सेवा के अफसर भी सैर पर
राज्य प्रशासिनक सेवा और सचिवालय सेवा के अफसर भी छुट्टी का लुत्फ उठा रहे हैं. राज्य प्रशासनिक सेवा के छह अफसर विदेश यात्रा पर हैं. इनमें से चार अफसर नेपाल और दो अफसर भूटान निकल गए हैं. वहीं सचिवालय सेवा के 15 से अधिक एएसओ लद्दाख की सैर कर रहे हैं. अब सचिवालय बुधवार को खुलेगा.

