चतरा: चतरा जिले की ईटखोरी थाना पुलिस ने कुएं से छह दिनों से लापता मानसिक विक्षिप्त युवक का शव बरामद किया है. करनी गांव निवासी 45 वर्षीय तेजो राणा के शव की बरामदगी गांव के खेराही टोला स्थित कुएं से हुई है. ग्रामीणों की सूचना पाकर ईटखोरी थाना प्रभारी निरंजन मिश्रा और अंचल अधिकारी बैजनाथ कामती दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को ग्रामीणों के सहयोग से बाहर निकाला गया. जानकारी के अनुसार एक ग्रामीण खेत मे पटवन कराने पहुंचा था. इसी दौरान उसकी नजर कुएं में पड़े युवक के शव पर पड़ी. जिसके बाद उसने ग्रामीणों को मामले की सूचना दी. उसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया है. तेजो छह दिनों से लापता था, जिसके बाद परिजनों ने उसके गुमशुदगी की प्राथमिकी थाने में दर्ज कराई थी.

