बोकारो: बोकारो, चास सहित आसपास के इलाके में लंबे समय से छिनतई की कई घटनाओं के जरिए पुलिस की नाक में दम करने वाले गिरोह पर नकेल कसने में पुलिस को अहम कामयाबी मिली है. पुलिस अधीक्षक पी. मुरूगन के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गुप्त सूचना के आधार पर इस गिरोह के मास्टरमाइंड बाटला उर्फ सरफुद्दीन अंसारी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. पिंड्राजोरा थाना इलाके के मोहनडीह ग्राम निवासी बाटला को खुफिया जानकारी के आधार पर एसआईटी ने बालीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत राधागांव स्टेशन के पास से दबोचा. उसकी निशानदेही पर अग्रतर कार्रवाई के दौरान बाटला की पत्नी सकीना बीवी और गिरोह के सदस्य भर्रा निवासी रिंकू को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बाटला की पत्नी द्वारा छुपाकर रखी गई 9 एमएम की लोडेड पिस्टल, तीन पुरानी मैगजीन बरामद की है. इसके अलावा छिनतई ही में लूटे गए जेवरात और कई गहनों को बेचकर जमा किए गए 1,14,741 रुपए नकद भी बरामद किए गए. गिरोह के एक अहम साथी कमरुद्दीन को पिछले ही हफ्ते गिरफ्तार किया गया था. इस आशय की जानकारी शुक्रवार दोपहर एक संवाददाता सम्मेलन में नगर पुलिस उपाधीक्षक ज्ञान रंजन ने देते हुए बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और छिनतई के गहने खरीदने वाले सोनार को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
कड़ी मेहनत के बाद मिली सफलता
डीएसपी ज्ञान रंजन ने बताया कि उनके नेतृत्व में गठित एसआईटी में चास के एसडीपीओ बहामन टूटी एवं पुलिस निरीक्षकों का दल शामिल था. गुप्त सूचना के आधार पर बालीडीह थाना के प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार एवं सशस्त्र बल के टाइगर मोबाइल जवान सुखवंत सिंह, हवलदार पृथ्वी यादव एवं अंगरक्षक शशि रंजन दीक्षित ने साहस दिखाते हुए बमुश्किल बाटला को दबोचने में कामयाबी पाई.
गोलीकांड सहित कई वारदातों को दे चुका है अंजाम
डीएसपी के अनुसार पकड़े गए सभी अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. बाटला ने पिछले दिनों दुन्दीबाद सब्जी मंडी में गोलीकांड की घटना के साथ-साथ छिनतई की कई बड़ी वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उसके खिलाफ जरीडीह, सेक्टर-12, बीएस सिटी, सेक्टर- 4 थाने में लगभग 15 मामले उसके दर्ज हैं. डीएसपी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि न केवल बोकारो, बल्कि पुरुलिया, धनबाद एवं आसपास के इलाके में भी इस गिरोह के लोग छिनतई के अपराध को अंजाम दिया करते थे. उन्होंने आशा जताई कि इनकी गिरफ्तारी से निश्चित तौर पर बोकारो में छिनतई की घटनाओं में कमी आएगी.

