नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा की चचेरी बहन मीरा चोपड़ा के पिता के साथ दिल्ली पुलिस कॉलोनी में लूटपाट का मामला सामने आया है. मीरा चोपड़ा की मानें तो उनके पिता को बदमाशों ने चाकू के बल पर पुलिस कॉलोनी में लूट लिया. मीरा ने अपने पिता के साथ हुई इस लूटपाट की जानकारी ट्वीटर पर शेयर की है, जिसके बाद यह मामला मीडिया में सामने आया है.
सैर पर निकले थे पीड़ित पिता
मीरा चोपड़ा ने बताया कि जब उनके पिता के साथ लूट की यह घटना हुई तो वह शाम को सैर पर निकले थे. स्कूटर से सवार होकर आए कुछ बदमाशों ने उन्हें रोका और चाकू दिखाकर उनका फोन छीन लिया फिर फरार हो गए. मीरा की शिकायत पर उत्तर पूर्वी दिल्ली के मॉडल टाउन थाना पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है. मीरा ने ट्वीट में लूट की जानकारी साझा करते हुए FIR की जानकारी दी है.
केजरीवाल को टैग कर पूछा- क्या यही है सेफ दिल्ली
मीरा चोपड़ा ने अपने पिता के साथ हुई लूट की घटना का जिक्र करते हुए ट्वीट में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को टैग करते हुए पूछा कि आप इसी सेफ दिल्ली का दावा करते हैं.
गौरतलब है कि मीरा चोपड़ा ने फिल्म ‘गैंग ऑफ घोस्ट्स’ से बॉलीवुड इंडस्ट्री में कदम रखा था. हालांकि, उन्हें ज्यादा कामयाबी नहीं मिली. हिंदी फिल्मों की बात करें तो मीरा फिल्म ‘1920 लंदन’ और ‘धारा-375’ में भी दिखी थीं. ये दोनों ही फिल्मों व्यावसायिक रूप से सफल नहीं रहीं, इसलिए मीरा को बॉलीवुड इंडस्ट्री में ज्यादा काम नहीं मिला. इसके बाद मीरा ने दक्षिण भारत की फिल्मों की ओर रुख किया. इसके बाद वह तेलुगु और तमिल फिल्मों में भी नजर आ रही हैं.
यहां पर बता दें कि मीरा चोपड़ा की 2 चचेरी बहनें प्रियंका चोपड़ा और परणीति चोपड़ा बॉलीवुड की नामी अदाकारा हैं और कई फिल्मों में अपनी प्रतिभा साबित कर चुकी हैं.

