नई दिल्ली: संविधान निर्माता और भारत रत्न से सम्मानित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का आज चौंसठवां महापरिनिर्वाण दिवस (पुण्यतिथि) है, जिसे लेकर पूरा देश उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी.
पीएम मोदी ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देते हुए देश के लिए उनके देखे गए सपनों को पूरा करने की बात कही. उन्होंने ट्वीट कर कहा, “डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर हम सभी उनको याद करते हैं. उनके विचार और आदर्श लाखों लोगों को ताकत देते हैं. हम उनके सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो उन्होंने हमारे राष्ट्र के लिए देखे थे.”
देश को दिखाया समानता का रास्ता : अमित शाह
इसी के साथ अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि बाबा साहेब ने भारत के लिए संविधान बनाकर देश को विकास, समृद्धि और समानता का रास्ता दिखाया है. उन्होंने लिखा, “एक भविष्योन्मुखी और सर्वसमावेशी संविधान देकर देश में प्रगति, समृद्धि और समानता का मार्ग प्रशस्त करने वाले बाबासाहेब के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन. बाबासाहेब के पदचिन्हों पर चलकर मोदी सरकार दशकों से विकास से वंचित वर्ग के कल्याण के प्रति समर्पित भाव से कार्यरत है.”

