उत्तराखंड: उत्तराखंड के टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग 58 से लगे गूलर क्षेत्र में रविवार को एक निर्माणाधीन पुल का लेंटर डालते समय उसके ढहने से वहां कार्य कर रहे एक मजदूर की मौत हो गयी जबकि 13 अन्य घायल हो गए.
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने घटना को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. उन्होंने पुल के क्षतिग्रस्त होने और दुर्घटना के कारणों की जांच के मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं.
लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग के श्रीनगर खंड के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार बिजल्वाण ने बताया कि घटना ऋषिकेश से 25 किलोमीटर दूर हुई जहां लेंटर डालते समय निर्माणाधीन फोरलेन पुल अचानक ढ़ह गया.
उन्होंने बताया कि 45 मीटर इस पुल के एक हिस्से का काम पूरा हो चुका था जबकि दूसरे हिस्से पर लेंटर डाला जा रहा था. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया शटरिंग में गड़बड़ी के कारण यह हादसा हुआ है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

