-गंवई अंदाज में इन दोनों के डांस लोग खूब पसंद कर रहे हैं
रांची: कोयलांचल के सुदूर गांव में रहने वाले भाई-बहन की एक जोड़ी इन दिनों टिक-टॉक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब पर धूम मचा रही है. गांव में अपने घर के आंगन में फिल्मी गीतों पर नाचते-गाते ये दोनों अपने वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार अपलोड कर वाहवाही लूट रहे हैं. इनके डांस को लोग काफी पसंद कर रहे हैं. एक-एक वीडियो पर हजारों व्यू मिल रहे हैं. बालीवुड स्टाइल में इनका नितांत गंवई अंदाज लोगों को खूब भा रहा. सिर्फ टिक-टॉक पर ही इनके 1.3 मिलियन (13 लाख) फॉलोअर्स हैं. हम बात कर रहे हैं धनबाद जिले के ग्रामीण अंचल बलियापुर के निपनिया गांव के सनातन कुमार महतो और उनकी बहन सावित्री कुमारी की। अपनी कलाकारी की बदौलत दोनों भाई-बहन सोशल मीडिया के सनसनी बन गए हैं।
दोनों भाई-बहन उच्चह शिक्षा प्राप्ता कर चुके हैं:
किसान परिवार से जुड़े सनातन कुमार महतो व उनकी बहन सावित्री कुमारी गांव में रहकर शिक्षा पायी है. सनातन एमए कर चुके हैं और उनकी बहन सावित्री भी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं. एमए की शिक्षा के बाद भी नौकरी नहीं मिली तो सनातन अपनी खेती संभाल रहे हैं. खेत संभालने के साथ-साथ कला की साधना शुरू की. नृत्य में कैरियर बनाने की ठानी और दोनों शुरू हो गए. नृत्य का वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर शेयर करना शुरू किया. शुरू में सफलता नहीं मिली. अपना यू-ट्यूब चैनल बनाया. इंस्टाग्राफ पर खूब वीडियो शेयर किये. टिक-टॉक को भी माध्यम बनाया. देखते-देखते अचानक हिट हो गए. आज इनदोनों भाई-बहन के टिक-टॉक पर 1.3 मिलियन फॉलोअर हैं.
आर्थिक तंगी के कारण नृत्य क्लास छोड़ना पड़ा
सनातन बताते हैं कि वे पहले यू ट्यूब पर वीडियो बनाकर डाला करते थे. इसके बाद उन्होंने टिक-टॉक को बेहतर प्लेटफॉर्म माना. शुरुआत में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा. लेकिन, बाद में उनके वीडियो हिट होने लगे.उनके डांस को लोग खूब पसंद करने लगे. भाई-बहनों ने अबतक करीब 3 हजार से ज्यादा वीडियो बनाये हैं. सनातन और उसकी बहन सावित्री के घर की माली हालत ठीक नहीं है. सनातन ने बताया कि उसे बचपन से ही डांस का शौक है. उसने अपनी इस प्रतिभा को उभारने के लिए डांस क्लास ज्वाइन किया था, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण क्लास छोड़ना पड़ा.
बच्चोंं को पढ़ाती है सावित्री:
सावित्री बताती है कि मैं गांव के प्राइवेट स्कूल व घर में कोचिंग क्लास चलाती हूं. उनका कहना है कि वे गांव की लड़कियों की प्रतिभा निखारने का भी संदेश अपने वीडियो के माध्यम से देती हैं. भविष्य के सवाल पर मुस्कुराते हुए कहती है, देखते हैं किस्मत हमदोनों को कहां तक ले जाती है.

