रांचीः राजधानी में हो रही मॉब लिचिंग की घटना का मुद्दा सोमवार को विधानसभा में उठा. बगोदर से लेफ्ट के विधायक विनोद कुमार सिंह ने विधानसभा के प्रश्न काल में इस मुद्दे को उठाया. उन्होंने कहा कि राजधानी में एक सप्ताह में मॉब लिंचिग की दो घटना घट चुकी है. इसके बाद भी सरकार सतर्क नहीं हुई है. अपर बाजार में सचिन वर्मा की मॉब लिचिंग की घटना के दौरान अगर सरकार गंभीर हो जाती तो दूसरी घटना नहीं घटती. सरकार बोली थी कि पहली घटना के बारे में जानकारी देगी. उस पर किस प्रकार का एक्शन लिया गया है. लेकिन सरकार की तरफ से अभी तक इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई है.
रांची के अनगड़ा स्थित सिरका गांव में शनिवार मध्य रात्रि में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ा और उसकी जमकर पिटाई कर दी थी. ग्रामीणों ने युवक पर मोटर साइकिल का टायर चोरी का आरोप लगाकर उसे इतना मारा की, उसकी मौत हो गयी. मृतक की पहचान 26 वर्षीय मुबारक खान के रूप में हुई है. दूसरी तरफ मृतक के परिजनों ने साजिश के तहत हत्याि का आरोप लगाया है. इससे पहले 8 मार्च को भी रांची स्थित काेतवाली थाना क्षेत्र के भुतहा तालाब नउवा टाेली के युवक सचिन कुमार वर्मा उर्फ गाेलू वर्मा पर पिकअप वैन चाेरी का आराेप लगा भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला था.
वहीं भाजपा विधायक भानू प्रताप शाही ने विधानसभा में हजारीबाग में सड़क पर नमाज पढ़ने का मामला उठाया. उन्होंने कहा कि हजारीबाग में ट्रैफिक रोक कर सड़क पर नमाज अदा की जा रही थी. जो लोग थाने में सूचना देने गए पुलिस उसी को पकड़ कर जेल में डाल दी. बहुसंख्यक के साथ ऐसी धारणा लेकर चल रही है सरकार. सरकार को इस पर जरूर जवाब देना चाहिए. क्या बहुसंख्यकों के बारे में सरकार ऐसा सोचती है.

