इंडोनेशियाः इंडोनेशिया के जावा द्वीप में आज पर्यटकों से भरी बस खाई में गिर गई. इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई है और 39 लोग घायल हो गए हैं. बताया जा रहा है कि बस के ब्रेक में कुछ खराबी हो गई थी जिस कारण ये हादसा हो गया. हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय पुलिस प्रमुख एको प्रासेत्यो रोब्बियांतो ने कहा कि यह बस पश्चिमी जावा के सुबांग शहर से इस्लामी माध्यमिक स्कूल के छात्रों और उनके अभिभावकों के ग्रुप को प्रांत के तासिकामलय जिले में एक तीर्थस्थल पर लेकर जा रही थी. तभी जावा द्वीप में यह हादसा हो गया. सुमेदांग जिले में कई ढलानों वाले इस इलाके में बस ड्राइवर बस को नियंत्रित नहीं कर पाया था, जिस कारण बस खाई में गिर गई. पुलिस हादसे के कारण का पता लगाने की कोशिश कर रही है. हादसे में घायल हुए लोगों का कहना है कि बस ब्रेक खराब हो गए थे. बांदुंग तलाश एवं बचाव एजेंसी प्रमुख देदेन रिदवांसाह ने कहा कि 27 मृतकों के शवों और 39 घायलों को एक अस्पताल और एक निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है. बताया जा रहा है कि हादसे में घायल हुए 39 लोगों में से 13 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. इसलिए हादसे में मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है. खबरों से मिली जानकारी के मुताबिक, इंडोनेशिया में सुरक्षा के खराब मानकों एवं बुनियादी ढांचे के अभाव की वजह से सड़क दुर्घटनाएं अधिकतर होती रहती है. दिसंबर साल 2019 में एक यात्री बस 80 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी. इस हादसे में 35 लोगों की जान चली गई थी. वहीं साल 2018 में 27 लोगों की मौत हुई थी.

