-
झारखंड चैंबर ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
रांची: झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिख कर सर्विसिंग पार्ट से जुड़े व्यापार को सेक्टरवार खोलने की मांग की है.
17 मई तक सम्पूर्ण लॉकडाउन का सम्मान करते हैं, गर्मी शुरू होते ही पंखा,कूलर, बोरिंग व ट्यूबवेल का इस्तेमाल बढ़ गया है. दुकाने बन्द होने की वजह से उपकरणों की मरम्मती नहीं हो पा रही है. जिससे परेशानी हो रही है.
अजमानी ने राजस्थान का हवाला देते हुए कहा कि यहां भी राजस्थान की तरह आर्थिक गतिविधियों के संचालन के लिए पॉलिसी निर्धारित करने की आवश्यकता है. साथ ही उन्होंने सुझाव दिया है कि केंद्र ने जिस प्रकार 200 करोड़ तक की निविदाओं का ग्लोबल टेंडर जारी नहीं करने का निर्णय लिया है, उसी प्रकार झारखंड में भी 100 करोड़ तक कि निविदाओं में स्थानीय स्टेकहोल्डर्स को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया जाय. इससे स्थानीय उद्यमियों का मनोबल बढ़ेगा.
निजी वाहनों का दर निर्धारित करने का आग्रह:
चैंबर के अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर रेलवे स्टेशन से घर जाने के लिए निजी वाहनों का दर निर्धारित करने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि स्टेशन से गुमला/लोहरदगा जाने वाले यात्रियों से 5000 रु तक की मांग की जा रही है. जिससे बाहर से आने वाले कामगार व छात्रों को काफी असुविधा हो रही है.
उन्होंने मांग किया कि दर निर्धारित करते हुए स्टेशन से बाहर एक प्री-पेड टैक्सी काउंटर स्थापित कर लोगों को भाड़े में वाहन उपलब्ध कराई जाय. ताकि लोगों को घर जाने के लिए अनावश्यक पैसे खर्च न करना पड़े.

