आशीष,
पटना: बिहार की राजधानी पटना में हथियारबंद अपराधियों ने लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया है. मामला पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां मंसूरगंज में एक कारोबारी से दिनदहाड़े 11 लाख रूपए लूट लिए गए. इस दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने उसे गोली भी मार दी.
अपराधियों की गोली का शिकार हुए कारोबारी का नाम सोनू है, जो दाल का कारोबार करता है. उसे जख्मी हालत में इलाज के लिए फिलहाल पटना के ही पीएमसीएच अस्पताल में भेजा गया है. जानकारी के मुताबिक कारोबारी पैसा जमा करने बैंक में जा रहा था. इसी दौरान अपराधियों ने अचानक उस पर हमला कर दिया. कारोबारी सोनू से अपराधियों ने पैसे छीनने की कोशिश की. जब सोनू ने इसका विरोध किया, तो उस पर गोली चला दी.
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए. मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंची है. इस मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है.

