रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य में डबल इंजन की सरकार का एक इंजन चौथे चरण के चुनाव में पूरा सीज हो गया.
अब पांचवें चरण के चुनाव में संथाल परगना में रघुवर नाम के इंजन का पुर्जा-पुर्जा इतना ढ़ीला कर देंगे कि उस इंजन को कबाड़ी वाले भी लेने से मना कर देंगे. यह बात सोमवार को ट्वीट कर कहा कि राज्य के युवा, गरीब और महिला चौथे चरण में मतदान करें.
हेमंत ने कहा कि राज्य में महागठबंधन की सरकार बनी तो सबसे पहले किसानों का ऋण माफ किया जाएगा. किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हो रहे हैं, जो किसान खेती के लिए मोटर पंप का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया जाएगा.
गरीब एवं मध्यम वर्ग को सौ यूनिट बिजली मुफ्त में दी जाएगी. भाजपा सरकार में यहां के नौजवान उच्च डिग्री लेकर सड़कों पर घूम रहे हैं, लेकिन यहां सरकार नौजवानों को हुनर दिखाने की बात करती है. क्या बिना हुनर वाले नौजवान को डिग्री मिलती है. इसलिए इन नौजवानों को महागठबंधन सरकार नौकरी देगी.
निर्णय लिया है कि गरीब बेटियों को पहली कक्षा से लेकर डॉक्टर एवं इंजीनियर तक की पढ़ाई का खर्चा सरकार वहन करेगी. हमारी सरकार में लोगों को पांच रुपये में भरपेट भोजन मिलता था, लेकिन रघुवर सरकार ने लोगों को भूखे मरने के लिए छोड़ दिया है.

