रांचीः बजट सत्र के दौरान जिन प्रमुख विधेयकों और बिल को प्रस्तुत किया जाएगा उनपर विचार करने के लिए गुरुवार को राज्य कैबिनेट की बैठक होगी. बैठक के दौरान कुछ प्रमुख घोषणाओं पर भी विचार किया जा सकता है. माना जा रहा है कि बजट सत्र की तैयारियों को कैबिनेट की बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा. इस दौरान कई विधेयकों पर भी विचार किया जाएगा जो सत्र के दौरान सदन में पेश होंगी. हालांकि देर शाम तक कैबिनेट के विचार के लिए आधा दर्जन प्रस्ताव ही पहुंचे थे. कैबिनेट की बैठक के पूर्व इनकी संख्या दो दर्जन तक पहुंच सकती है.
गुरुवार को कैबिनेट की बैठक में बजट से संबंधित तमाम प्रस्तावाें पर विचार किया जाएगा. चार बिल पर विचार के लिए प्रस्ताव कैबिनेट से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा है. इनके बारे में गुरुवार को कैबिनेट की बैठक के पहले अधिकृत जानकारी देने से अधिकारी परहेज कर रहे हैं.
बजट सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुधवार को अध्यक्ष डा. रामेश्वर उरांव के आवास पर हुई. इस दौरान विधायकों ने विभिन्न मुद्दों पर एका दिखाने का संकल्प लिया. विधायकों को पार्टी लाइन पर काम करते हुए विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार होने को कहा गया गया. सत्ताधारी दलों के बीच समन्वय बनाए रखने का निर्देश भी दिया गया. इस दौरान कांग्रेस के सभी विधायक और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम मुख्य तौर पर मौजूद थे.

