रांची : झारखंड के पुलिस महानिदेशक एमवी राव ने कहा है कि अवैध शराब बनाने, बिक्री और भंडारण की सूचना मिलने पर संबंधित थानों के थाना प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी. डीजीपी के इस आदेश के बाद राज्यभर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इन दिनों पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
इसी क्रम में पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर के असनतलिया स्थित चुनुवा कुजूर के घर छापेमारी कर 50 लीटर महुवा दारू बरामद किया गया. तत्पश्चात उपस्थित आस पास के ग्रामीण लोगो के बीच इसके दुष्प्रभाव को बताते हुए दारू न बेचने की अपील की गई. उपस्थित ग्रामीणों के बीच मास्क का भी वितरण किया गया था.
चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के सराढु समेत कई गांवों में भी अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गयी. थाना प्रभारी सुधीर चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कई जगह छापामारी की गई और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

