दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं. राहुल गांधी भारत-चीन तनाव, कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले समेत कई मुद्दों को लेकर पिछले कुछ दिनों से ट्वीट के जरिए सरकार पर निशाना साध रहे हैं.
उन्होंने एक बार फिर बुधवार को ट्वीट कर कहा है कि “पिछले चार महीनों में करीब दो करोड़ लोगों ने नौकरियां गंवाई हैं. दो करोड़ परिवारों का भविष्य अंधकार में है. फेसबुक पर झूठी खबरें और नफरत फैलाने से बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था के सर्वनाश का सत्य देश से नहीं छुप सकता.”
यह ट्वीट राहुल गांधी ने एक निजी समाचार पोर्टल पर लिखी एक खबर को रीट्वीट कर किया है. समाचार पोर्टल पर 18 अगस्त को एक खबर ‘कोरोना का कहर: अप्रैल से अब तक 1.89 करोड़ नौकरियां गई’ शीर्षक से प्रकाशित की गई थी. इसी खबर को रीट्वीट करते हुए राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर तंज कसा है.

