मध्यप्रदेश: मध्यप्रदेश के नीमच जिले में फोरलेन बायपास मार्ग पर देर रात हुई दुर्घटना में तीन लोगों की तत्काल मौत और तीन अन्य बुरी तरह से घायल हुए हैं. घटना यहां भरभड़िया फंटे के पास एक कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा जाने के कारण से घटी है.
कार में सवार धार जिले के धामनोद निवासी संतोष बारचे (65), वंदना बारचे (60 ) और धार के राजगढ़ निवासी कार चालक रामप्रसाद बामनिया (33) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आरती (34), चांदनी (16) एवं अमरसिंह घायल हो गए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है.
इस संबंध में पुलिस की ओर से नगर निरीक्षक अजय सारवान ने रविवार को बताया कि राजस्थान से धार्मिक यात्रा कर इंदौर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार देर रात भरभड़िया फंटे के पास अनियंत्रित होकर रोड डिवाइडर से टकरा गई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई है. वहीं सभी तीन अन्य घायलों को उपचार के लिए सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने वहां पहुंचकर अस्पताल में भर्ती करा दिया था.
उनकी ओर से यह भी बताया गया कि हादसे का कारण चालक को झपकी लगना रहा है. सभी श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर धार जिले के अकोदिया में गोगादेव महाराज के स्थान पर गए थे. जहां से राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में स्थित सवाई भोज, सांवरिया सेठ आदि के दर्शन की धार्मिक यात्रा के लिए कार से निकले थे. यात्रा पूरी करने के बाद लौटने के दौरान यह घटना घटी है.

