रामगढ़: रामगढ़ अंचल के राज्य कर पदाधिकारी ने रामगढ़ थाने में आवेदन देकर शहर के गोरियारीबाग स्थित मां भवानी ट्रेडर्स के मालिक पर कर अपवचना और इनपुट टैक्स क्रेडिट का गलत लाभ लेने पर प्रतिष्ठान के मालिक पर मामला दर्ज कराया है.
दिए गए आवेदन में कर उपायुक्त के द्वारा बताया गया है कि मां भवानी ट्रेडर्स के रजिस्टर्ड एड्रेस पर छानबीन करने पर पता चला है कि उक्त पते पर इस तरह का कोई भी प्रतिष्ठान संचालित नहीं है. दिए गए पते पर छानबीन करने पर मकान मालिक सहित आसपास के लोगों ने भी मां भवानी ट्रेडर्स नामक किसी भी प्रतिष्ठान के संचालन से अनभिज्ञता जाहिर की. जिससे आयकर विभाग ने जालसाजी मानते हुए प्रतिष्ठान के मालिक के विरुद्ध रामगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने धारा 406/ 420/ 471 और 120 बी भादवि के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.

