नई दिल्ली: कोयला घोटाला की आंच एक तरफ जहां पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घर तक पहुंच चुकी है और उनकी बहू से इस बारे में पूछताछ हो चुकी है तो वहीं दूसरी तरफ केन्द्रीय जांच एजेंसियों भी इसकी जांच तेज कर दी है. सीबीआई की तरफ से शुक्रवार को एक व्यवसायी के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई है.
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल कोयला घोटाला को लेकर कोलकाता में व्यवसायी से संबंधित कई जगहों पर छापेमारी की गई है. कई नौकरशाहों और राजनेताओं ने इस व्यवसायी से घूस ली है.
इससे पहले, कोयला घोटाले में सीबीआई ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बहू रुजिरा बनर्जी ने करीब दो घंटे तक पूछताछ की. सीबीआई के सूत्रों के मुताबिक, रुजिरा ज्यादातर सवालों का जवाब नहीं दे पाईं. आज दोपहर में सीबीआई की टीम अभिषेक बनर्जी के घर पर पहुंची थी. सीबीआई की टीम के पहुंचने से पहले ममता बनर्जी अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची थीं. वे वहां करीब दस मिनट तक रुकी थीं. सीबीआई की आठ सदस्यीय टीम का नेतृत्व एसपी विश्वजीत दास कर रहे थे. इसमें दो महिला अफसर भी शामिल थीं.
बता दें कि सोमवार अभिषेक बनर्जी की पत्नी की बहन मेनका गंभीर से सीबीआई ने पूछताछ की की थी. उससे पहले मेनका से सीबीआई ने साढ़े तीन से चार घंटे तक पूछताछ की थी. सीबीआई की दो महिला अधिकारी पूछताछ के लिए सोमवार को रुजिरा की बहन मेनका गंभीर के कोलकाता स्थित आवास पहुंची थी और उनसे पूछताछ की थी. सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों से पहले टीएमसी के नेता के रिश्तेदारों से सीबीआई पूछताछ कर रही है. राज्य में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं.

