धनबादः सीबीआइ ने ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल), मुगमा के महाप्रबंधक- ईएंडएम अभिजीत दास को मंगलवार को रिमांड पर लिया. जांच एजेंसी ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी है. उनको शनिवार को घूस लेते गिरफ्तार किया गया था. इधर, उनके कोलकाता स्थित फ्लैट से सीबीआइ की टीम ने नौ लाख रुपये बरामद किए हैं. इसमें चार लाख के पुराने पांच सौ और हजार के नोट हैं. इन पुराने नोटों को नहीं बदला जा सका था. अब तक सीबीआइ टीम ने अभिजीत के धनबाद, मुगमा, कोलकाता स्थित आवास से 12 लाख एक हजार रुपये बरामद किए हैं. यह राशि कहां से आई, इसको लेकर टीम दास से पूछताछ करेगी.
सीबीआइ की धनबाद टीम ने अभिजीत को घूस लेते दबोचा था. उधर सीबीआइ की कोलकाता टीम ने कोलकाता हवाईअड्डा गेट नंबर एक पर स्थित फ्लैट को सील कर दिया है. कोलकाता के मॉल रोड व सॉल्ट लेक स्थित फ्लैट की जांच के लिए धनबाद से एक टीम कोलकाता जाएगी. इसके लिए टीम गठित कर दी गई है, जो कोलकाता टीम के साथ संपर्क कर जांच की कार्रवाई को आगे बढ़ाएगी. कोलकाता की स्थानीय पुलिस भी पुराने नोट मिलने के मामले में अभिजीत के खिलाफ अलग से मामला दर्ज करेगी.

