रांची: दीपावली-छठ आदि पर्व के मौके पर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था की पुलिस की ओर से पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. राजधानी रांची के भीड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है, वहीं सीसीटीवी के माध्यम से भीड़भाड़ इलाकों पर नजर रखी जा रही है.
सिटी एसपी सौरभ ने बताया कि यदि आम जनता को कहीं भी कोई संदेह हो तो पुलिस को इसकी सूचना दें, ताकि पुलिस उस पर तुरंत कार्रवाई कर सके.मूमन यह देखा जाता है कि पर्व के समय चोरी और छिनतई के मामले ज्यादा सामने आते हैं.
सिटी एसपी सौरभ ने बताया कि चिह्नित जगहों पर भी पुलिस बल की तैनाती की जायेगी, ताकि आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों को पकड़ा जा सके. शहर के विभिन्न मोहल्लों में भी बाइक दस्तों को लगया गया है. यदि किसी पर भी शक होगा तो उसकी तलाशी ली जायेगी.
राज्य के विभिन्न जिलों दीपावली और छठ पूजा पर विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर विशेष इंतजाम किये गये है. प्रशासन की ओर से प्रदूषण के मद्देनजर पटाखा फोड़ने को लेकर भी गाइडलाइन जारी किया गया है, जिसके तहत राज्य के रांची समेत 14 जिलों के शहरी इलाके में सिर्फ दो घंटे रात 8 से 10 बजे तक हरित पटाखे फोड़ने की अनुमति दी गयी है. इसे लेकर भी सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया गया है.

