जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पर पाकिस्तान ने गुरुवार को सीजफायर का उल्लंघन किया. इस फायरिंग में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया है. सेना के सूत्रों द्वारा यह जानकारी दी गई है. भारतीय सेना की ओर से माकूल जवाब दिया जा रहा है.
वहीं बड़गाम जिले के पठानपुरा में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हो रही है. आज सुबह से ही पठानपोरा इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मध्य कश्मीर में बडगाम के पठानपुरा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी की और तलाश अभियान चलाया.
बुधवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पांच आतंकवादी मारे गए. कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह सुगू गांव में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई.

