रांची: केंद्र सरकार 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने के लिए एक से सात मार्च तक विशेष अभियान चला रही है. 7 दिवसों के लिए 7 विषयों की पहचान की गई. सभी क्षेत्रों में महिलाओं के योगदान को सराहा जायेगा. इस दौरान केंद्रीय महिला और बाल विकास एवं सूचना और प्रसारण के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण , मानव संसाधन विकास , कृषि और किसान कल्याण, ग्रामीण विकास , आवास एवं शहरी मामले वित्त, रक्षा और गृह मंत्रालय द्वारा एक अभियान चलाया जा रहा है.
आज से प्रारंभ होने वाले इस अभियान में सभी दिवसों के लिए एक विषय रखा गया है. इन विषयों में शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण, महिलाओं का सशक्तिकरण, कौशल और उद्यमिता एवं खेलों में भागीदारी, विशेष परिस्थितियां, ग्रामीण महिलाएं और कृषि एवं शहरी महिलाएं शामिल हैं.
जाने-माने शेफ, संजीव कपूर द्वारा दूरदर्शन पर 1 से 7 मार्च के बीच गर्भावस्था और स्तनपान के दौरान महिलाओं के लिए स्वस्थ और पौष्टिक भोजन के लिए विशेष व्यंजनों को बनाने पर एक विशेष कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा.
1 से 7 मार्च, 2020 के बीच दूरदर्शन पर 14 महिला प्रधान हिंदी फ़िल्मों का प्रसारण भी किया जाएगा. इनमें सरबजीत, राज़ी, तुम्हारी सुलु और परिणीता का प्रसारण किया जाएगा.
भारतीय लोकतंत्र की स्थापना में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने और भारतीय संविधान सभा की महिला सदस्यों के योगदान को मानने के लिए दूरदर्शन एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है.

