रांची: हैदराबाद के लिंगमपल्ली रेलवे स्टेशन से केंद्र के गृह मंत्रालय के आदेश से एक विशेष ट्रेन से झारखंड के लगभग 1200 मजदूरों को वापस उनके घर झारखंड भेजने के लिए इंडियन कन्फेडरेशन ऑफ़ लेबर ( आईसीएल) के राष्ट्रीय महासचिव अजय राय ने स्वागत किया है.
उन्होंने इस पहल के लिए गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार जताते हुए कहा कि शाह ने मजदूर दिवस के दिन झारखंड के मजदूरों को एक बड़ी सौगात दी है जिसे कभी भूला नहीं जा सकता. आज हर मजदूर व उनके घरवाले दिल से उन्हें दुआ दे रहे हैं.
अजय राय आज 1 मई मजदूर दिवस के दिन अपने आवास पर प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक उपवास पर बैठे और अपने संगठन से जुड़े हुए मजदूर साथियों के लिए कुशल छेम की दुआ मांगी.
अजय राय ने कहा कि कोरोना की इस महामारी में सबसे बुरा हाल श्रमिक साथियों का हो रहा है. एक तो वह देश के कई अलग-अलग राज्यों में फंसे हुए हैं और उनके सामने घर का खर्च उठा पाना भी मुश्किल हो गया है. इन परिस्थितियों में वह कैसे अपने बाल बच्चों का भरण पोषण कर पाएंगे साथ ही वो अपने आगे का जीवन कैसे जीएंगे यह बड़ा प्रश्न है.
अजय राय ने राज्य और केंद्र सरकार से आग्रह करते हुए कहा कि इन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर और गंभीर हो ताकि श्रमिक हितों की रक्षा हो पाए.

