चतरा: सांसद सुनील सिंह लोकसभा के विशेषाधिकार समिति का सभापति बनने के बाद पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र चतरा पहुंचे. सबसे पहले उन्होंने मां भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना की. इस मौके पर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बड़ी जिम्मेवारी सौंपी है और उनके विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा.
बाद में सांसद जिला मुख्यालय में आयोजित जिला विकास समन्वय निगरानी समिति की बैठक में शामिल हुए. बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद सुनील सिंह ने जिले में संचालित सभी विकास योजनाओं की समीक्षा की और सभी अधिकारियों को विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.
इस मौके पर सांसद ने अधिकारियों की जमकर क्लास भी लगाई और कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाएं. बैठक में जिले के उपायुक्त जितेंद्र कुमार, डीडीसी मुरली मनोहर प्रसाद सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए. हालांकि बैठक में चतरा के विधायक जयप्रकाश सिंह भोक्ता और सिमरिया के विधायक गणेश गंझु नदारद रहे.

