रांचीः लोक आस्थाय का महापर्व चैती छठ 16 अप्रैल को शुरू हो रहा है. चार दिन के इस छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ होगी. छठ का पर्व हर वर्ष चैत्र माह में और कार्तिक माह में बहुत ही धूमधाम से जिले भर में मनाया जाता है.
चतुर्थी तिथि पर नहाय-खाय के साथ शुरू होने वाले इस पर्व में भगवान सूर्य की विशेष उपासना की जाएगी. इसमें उगते व डूबते सूर्य की पूजा की जाती है. चैती छठ का व्रत काफी कठिन व नियम के साथ किया जाता है. शहर में कोरोना का कहर जारी होने के बाद भी श्रद्धालुओं में चैती छठ को लेकर उत्साह है. इस बार चैती छठ पर सूर्य भगवान को अर्घ्य द्विपुष्कर योग में दिया जाएगा. छठ महापर्व चार दिनों तक चलता है. शुरुआत नहाय-खाय से होती है, फिर पंचमी तिथि पर लोहंडा व खरना होता है. उसके बाद षष्ठी तिथि को छठ पूजा होती है, जिसमें सूर्य देव को शाम में अर्घ्य अर्पित किया जाता है. इसके बाद अगले दिन सप्तमी को सूर्योदय के समय उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण करके व्रत पूरा किया जाता है.

