रांची: सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा वर्तमान में सामग्रियों की आपूर्ति के लिए आमंत्रित की जा रही निविदा में निहित शर्तों से उत्पन्न हो रही कठिनाइयों के निराकरण को लेकर आज झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने मुख्य सचिव को पत्राचार प्रेषित किया.
चैंबर अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने कहा कि झारखंड के विभिन्न जिले सामग्री के लिए निविदाएं आमंत्रित कर रहे हैं. विज्ञापन के अनुसार निविदा को ईएमडी के साथ हार्ड कॉपी में जमा करने की बाध्यता है, जबकि लॉकडाउन के कारण यात्रा कर पाना किसी के लिए संभव नहीं है.
यह सुझाया गया कि आरटीजीएस या ऑनलाइन फंड ट्रांसफर की सुविधा उपलब्ध कराई जाये. साथ ही निविदाओं में सभी जिलों की भागीदारी हो सके, इस हेतु ई टेंडर की सुविधा बहाल की जाये, क्योंकि हार्ड कॉपी जमा करने की बाध्यता के कारण कई संभावित विक्रेता निविदाओं में भाग नहीं ले पा रहे.
विदित हो कि इस संबंध में निविदाकर्ताओं के समक्ष हो रही समस्याएं नियमित रूप से चैंबर को प्राप्त हो रही हैं. चैंबर द्वारा यह भी सुझाया गया कि दूसरे राज्यों से आने वाले ट्रकों/ वाहनों के ड्राइवरों/ खलासी की जांच के लिए राज्य की सीमा पर ही थर्मल स्कैनर की व्यवस्था कर संक्रमण जांच की सुविधा विकसित की जाये, ताकि संदिग्धों को राज्य की सीमा पर ही रोका जा सके.

