रांची:- राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में गुरुवार से मौसम ने फिर करवट ले लिया है. 15 अप्रैल से 18 अप्रैल तक आसमान में बादल छाए रहेंगे. तेज हवा और गरज के साथ बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान में गिरावट के आसार हैं. 19 अप्रैल से एक बार फिर आसमान साफ होने की उम्मीद है. पिछले 24 घंटे में शहर का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा. न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हवा में आद्रता की मात्रा अधिकतम 42 फीसद तथा न्यूनतम 21 फीसद दर्ज की गई. मौसम विशेषज्ञों की माने तो रांची के साथसाथ पूरे राज्य में मौसम में आंशिक से लेकर पूर्ण बदलाव तक दिखेगा.
मौसम में उतार-चढ़ाव के साथ स्वास्थ्य पर इसका सीधा असर पड़ेगा. ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है. सर्दी, खांसी, बुखार के साथ-साथ डायरिया के लक्षण बढ़ सकते हैं. ऐसे में खान-पान में विशेष ध्यान रखें. स्वच्छ जल का उपयोग करें. अपने आसपास साफ सफाई रखें. हाथों को साफ रखें. लोगों से दूरी बना कर रहे. चिकित्सक डॉ अभिषेक ने बताया कि मौसमी बीमारियों से बचने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी यह है कि बाहर में खुले बिकने वाले खाने से परहेज किया जाए. घर से निकलते समय पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम रखें. सैनिटाइजर साथ रखें. मास्क का उपयोग करें.

