रांची: झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में होली के दिन 10 मार्च को तेज हवा के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है. वहीं 11 और 12 मार्च को भी बारिश के साथ वज्रपात तथा ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है.
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 10 मार्च को राज्य के उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी-पश्चिमी तथा मध्य में कहीं-कहीं पर 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा साथ बारिश होगी.
वहीं 11 और 12 मार्च को कहीं-कहीं तेज हवा के साथ गर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जतायी गयी है. जबकि 12 मार्च को भी उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी-पश्चिमी तथा मध्य भागों में कुछ स्थानों पर हल्के दर्जे की बारिश की संभावना है. इसके अलावा 14 मार्च को भी राज्य के कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी. वहीं राज्य में अगले दो-तीन दिनों के दौरात रात के तापमान में बड़े परिवर्त्तन की संभावना नहीं है.
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई. सबसे अधिक 30 मिमी बारिश जमशेदपुर में हुई, जबकि रांची में भी करीब 15 मिमी बारिश हुई. वहीं चाईबासा में 20 मिमी बारिश हुई.

