रांचीः राजधानी समेत राज्य के कुछ हिस्सों में कुछ दिनों से छाए बादल रविवार को छट गए. सुबह से खिली धूप ने लोगों को काफी राहत महसूस करवाई. अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट होने के आसार भी बन गए हैं. इसके बाद फिर से न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी.
इससे पूर्व शनिवार को भी रांची के आसमान में हल्के बादल छाए हुए थे. इस कारण मौसम ठंडा रहा. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश के कारण मौसम ठंडा रहा. अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री गिरावट दर्ज की गई. अगले दो दिनों में पारा गिरेगा. इस कारण सुबह में ठंड का एहसास होगा.
पिछले 24 घंटे में राज्य के मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्के दर्जे की बारिश हुई. सबसे अधिक बारिश 3.4 एमएम रांची में रिकॉर्ड की गई. सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज और बोकारो में दर्ज किया गया.

