दिल्ली: आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद तीन साल पहले पुराने ट्वीट को लेकर इन दिनों घिरते हुए नजर आ रहे हैं. चंद्रशेखर आजाद द्वारा महिलाओं पर किए गए निंदनीय ट्वीट का राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया है. चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने उत्तर प्रदेश के डीजीपी खत लिखकर चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अनुरोध किया है.
गुरुवार सोशल मीडिया पर ‘अरेस्ट चंद्रशेखर रावण’ हैशटेग ट्रेंड कर गया. इसके चंद घंटों बाद ही इस मामले पर करीब दो लाख ट्वीट हो गए और हर तरफ चंद्रशेखर आजाद की गिरफ्तारी की मांग उठने लगी. चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ सोशल मीडिया पर बढ़ते आक्रोश को देखते हुए सहारनपुर की पुलिस एक्शन में आई. हालांकि, पुलिस जांच में ये विवादित ट्वीट तीन साल पुराने निकले हैं.
चंद्रशेखर आजाद ने पेश की सफाई
मामला अधिक बढ़ने के बाद चंद्रशेखर आजाद ने इस मामले पर ट्वीट कर अपनी सफाई पेश की. उन्होंने कहा कि मेरे अकाउंट से महिलाओं पर अभद्र भाषा के कुछ ट्वीट वायरल हो रहे हैं, जो बेहद ही निंदनीय हैं. मैं सहारनपुर हिंसा में 8 जून 2017 से 14 सिंतबर 2018 तक जेल में था. सभी विवादित ट्वीट उसी दौरान के हैं. इस संबंध में मुझे जानकारी नहीं है. मैं महिलाओं का बहुत सम्मान करता हूं.

