चतरा: चतरा में उपायुक्त कार्यालय व पुलिस लाइन के बाद अब कोरोना का प्रकोप व्यवहार न्यायालय तक पहुंच गया है. व्यवहार न्यायालय में दो दिनों में छह न्यायिक कर्मियों के पॉजिटिव पाए जाने के बाद उच्च न्यायालय हरकत में आ गया है.
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद चतरा कोर्ट को अगले तीन दिनों के लिये बंद कर दिया गया है. बार एशोसिएशन के सचिव सुबोध मिश्रा ने बताया कि व्यवहार न्यायालय में न्यायिक कार्य मे लगे छह न्यायिक कर्मियों में कोरोना की पुष्टि हुई है. जिससे न्यायिक कार्य से जुड़े तमाम अधिकारी व कर्मी न सिर्फ दहशतजदा हैं. बल्कि कार्य करने में भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि सुरक्षा दृष्टिकोण से 14 से 16 जुलाई तक सभी सामान कार्य बंद रहेंगे. जरूरी न्यायिक कार्यों का निष्पादन जरूरत के मुताबिक ऑनलाइन किया जाएगा. बंदी अवधि में व्यवहार न्यायालय परिसर के साथ-साथ बार एशोसिएशन कार्यालय को सेनेटाइज किया जाएगा.

