चतराः झारखंड के चतरा में प्रसिद्ध ऐतिहासिक मां भद्रकाली परिसर में इटखोरी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है. इसके दूसरे दिन शनिवार की रात कलाकारों की ओर से दी गई आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में मानो अलग जान फूंक दी. खास प्रस्तुति के दौरान खुद चतरा के एसडीएम और भद्रकाली प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मुमताज अंसारी भी अलग अंदाज में नजर आए.
दरअसल, इटखोरी महोत्सव के मंच पर पेश किए जा रहे ‘ओम नमः शिवाय’ गीत पर पर एसडीएम मुमताज अंसारी भी खुद को थिरकने से नहीं रोक सके. यही नहीं डांस के साथ गुनगुनाते हुए उन्होंने सामाजिक सद्भावना और भाईचारे की मिसाल पेश की. साथ ही यह भी संदेश देने में कोई कसर नहीं छोड़ी की ‘ईश्वर एक है’. इसकी बानगी को भी उन्होंने चरितार्थ कर दिया.
शुक्रवार को तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव का शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने किया. इस दौरान श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता के अलावा चतरा सांसद सुनील कुमार सिंह भी शामिल हुए.

