सशक्त महिला की मिसाल हैं छुटनी महतो
रांची:- आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह गोमिया के विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने सरायकेला -खरसावां की रहनेवाली छुटनी महतो को पद्मश्री सम्मान दिए जाने की घोषणा पर खुशी जाहिर की है. उन्होंने कहा है कि यह झारखंड की सभी महिलाओं का सम्मान है. छुटनी महतो ने महिलाओं का मान बढ़ाने का काम किया है. वे सशक्त महिला की एक मिसाल हैं. कहा, छुटनी ने समाज में व्याप्त डायन प्रथा के साथ-साथ बुराइयों, कुरीतियों और अंधविश्वास का जिस प्रकार से मुकाबला किया है, वह उल्लेखनीय व प्रशंसनीय है. छुटनी महतो ने डायन के नाम पर खुद गहरा जख्म झेला है और महिला सशक्तिकरण को एक मुकाम तक पहुंचाने का काम किया है. साथ ही अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनने का काम किया है. उन्होंने लोहरदगा के शहीद बनुआ उरांव को राष्ट्रपति वीरता पदक दिए जाने की घोषणा को भी झारखंड के लिए गौरव की बात कही है. इसके साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को विभिन्न पदकों से सम्मानित किए जाने पर हर्ष व्यक्त किया है.

