रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोडरमा के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को बेको निवासी अंजनी देवी की हत्या मामले में अविलम्ब कार्रवाई करते हुए मामले की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा मृत अंजनी देवी को इंसाफ मिले, इसका पूरा ध्यान रखा जाए.
देवर पर है हत्या का आरोप
मुख्यमंत्री को ट्वीट कर जानकारी दी गई कि कोडरमा के मरकच्चो थाना क्षेत्र स्थित नावाडीह बेको निवासी अंजनी देवी से उसके देवर शशि कुमार राणा ने दुष्कर्म का प्रयास किया. दुष्कर्म का विरोध करने पर शशि कुमार राणा ने उसकी हत्या कर दी.
दलित आदिवासियों की जमीन पर दबंगों के कब्जे मामले में निर्देश
मुख्यमंत्री को ट्विटर के माध्यम से बताया गया कि धनबाद में राज्य के मूल निवासी दलित, आदिवासियों पर दबंगों द्वारा शोषण और अत्याचार किया जा रहा है. दलितों व आदिवासियों की जमीन पर भी दबंगों द्वारा कब्जा हो रहा है. इसकी शिकायत अधिकारियों से करने पर भी अधिकारी पीड़ितों की नहीं सुनते. मामले की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया और धनबाद के उपायुक्त को उचित कार्रवाई कर सूचित करने के निर्देश दिया है.
जांच के बाद मार्केटिंग ऑफिसर पर आरोप निराधार
मुख्यमंत्री ने धनबाद के उपायुक्त को निरसा प्रखंड के एमओ द्वारा राशन डीलर से 600 रुपये की वसूली मामले की जांच का निर्देश दिया था. मुख्यमंत्री ने कहा था कि अगर आरोप सिद्ध होता है तो एमओ पर कड़ी कार्रवाई करें. भ्रष्टाचार किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
शिकायत पाया गया निराधार
मुख्यमंत्री के आदेश में बाद उपायुक्त धनबाद ने एमओ द्वारा राशन डीलर से 600 रुपये की वसूली मामले की जांच कराई. जांच के क्रम में शिकायत को निराधार व असत्य पाया गया है.
क्या था मामला
मुख्यमंत्री को ट्वीट के माध्यम से बताया गया कि धनबाद जिले के निरसा ब्लॉक के एमओ द्वारा हर राशन डीलर से 600 रुपये की वसूली होली के खर्च के नाम पर की जा रही है. एमओ द्वारा वर्ष 2014 से हर महीने रिपोर्ट जमा करने के नाम पर वसूली की जा रही है.

