आय नहीं कर्ज हुआ दोगुना, प्रति व्यक्ति ऋण 12 हजार से बढ़कर 24 हजार
रांची:- झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जमकर बरसे. मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने किसानों और आम जनों की आय को दोगुनी नहीं किया, लेकिन ऋण को दोगुना जरूर करने का काम किया है. वर्ष 2014 में प्रति व्यक्ति ऋण 12 हजार रुपया था, जो वर्ष 2019 में बढ़कर 24 हजार प्रति व्यक्ति हो गया. पिछली सरकार 33 हजार करोड़ रुपये की देनदारी छोड़कर गयी है. राज्य का कर्ज 43हजार करोड़ से बढ़कर 94 हजार करोड़ रुपये हो गया है. इन सभी ने विकास की बात नहीं, बल्कि कर्ज लेकर घी पीने का काम किया है. हेमंत सोरेन ने कहा कि वहीं वर्ष 2014-15 में राज्य का विकास दर 12.5 प्रतिशत था, जो 15-19 में घटकर 5.79 प्रतिशत हो गया.
राज्य की जनता जल्द ही विपक्षियों का पिंडदान करेगी
मुख्यमंत्री ने शायराने अंदाज में बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा-‘‘ हुजूम देख के रस्ता नहीं बदलते हम, किसी के डर से तक़ाज़ा नहीं बदलते हम.’’ उन्होंने कहा कि राज्य की जनता जल्द ही विपक्षियों का पिंडदान करेगी.

