-
कोविड-19 से निपटने को लेकर किये गये उपाय की दी गयी जानकारी
रांची: राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से आज राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज भवन आकर मुलाकात की. यह एक शिष्टाचार भेंट थी. उक्त शिष्टाचार भेंट के क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा राज्यपाल को राज्य में नोवेल कोरोना वायरस (कोविड-19) के कारण उत्पन्न परिस्थिति में विभिन्न चुनौतियों पर परिचर्चा करते हुए सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों से अवगत कराया गया.
उन्होंने प्रवासी मजदूरों की समस्या पर भी चर्चा करते हुए कहा कि उनको उनके इच्छानुसार गृह राज्य लाने हेतु सरकार प्रयासरत है.
उन्होंने कहा कि इन विभिन्न चुनौतियों में कोविड-19 के प्रसार को रोकने हेतु सबको लॉकडाउन का पालन करने हेतु आह्वान व जागरूक भी किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि कोई भूखा न रहे, इस दिशा में भी सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है.

