रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जैप वन मैदान में साहिबगंज में अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद सहायक अवर निरीक्षक चन्द्राय सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया
मुठभेड़ में सहायक अवर निरीक्षक चंद्राय सोरेन शहीद हो गए. यह दुःखद घटना है. दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार शहीद के परिजनों के साथ खड़ी है. शहीद का मान- सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा. उपरोक्त बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जैप वन मैदान में शहीद सहायक अवर निरीक्षक चंद्राय सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर नमन करने के बाद कही. इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने शहीद की धर्मपत्नी श्रीमती सुनीता सोरेन से मिलकर संवेदना प्रकट करते हुए सांत्वना दी.
मुठभेड़ में हुए थे घायल
मालूम हो कि 27 जून को साहिबगंज के बरहेट थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक चन्द्राय सोरेन अपहृत अनाज व्यवसायी अरुण शाह को अपराधियों से मुक्त करने के क्रम में हुई मुठभेड़ में घायल हो गए थे. उनके पेट में गोली लगी थी. रांची स्थित मेडिका अस्पताल में उनका इलाज हो रहा था. इस क्रम में रविवार सुबह उनकी मौत हो गई. शहीद सोरेन अपने पीछे एक पुत्र विवेक सोरेन (8 वर्ष) एवं एक पुत्री ज्योत्सना सोरेन (3 वर्ष) छोड़ गए.
जैप वन मैदान में शहीद चंद्राय सोरेन को अपर मुख्य सचिव गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग एल खियांग्ते, पुलिस महानिदेशक एमवी राव व पुलिस के अन्य अधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी.

