-
राजभवन के सभी कर्मियों की कोविड-टेस्ट
रांची: राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राजभवन में पदस्थापित सभी कर्मियों की कोरोना जांच कराने के निर्देश रांची जिला प्रशासन को दिए हैं. इस आलोक में शनिवार को रांची सदर अस्पताल द्वारा राजभवन में पदस्थापित जैप के जवानों के सैंपल लिए गए. इसके बाद विशेष शाखा के जवानों तथा अन्य कर्मियों की कोरोना जांच होगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तीसरी दफा कोरोना जांच कराएंगे. उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों की भी जांच होगी.
जानकारी के मुताबिक सोमवार को जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. मंत्री बन्ना गुप्ता के संक्रमित होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होम क्वारंटाइन हैं. मुख्यमंत्री ने सारे कार्यक्रम रद कर दिए हैं.
गौरतलब है कि 18 अगस्त को कैबिनेट की बैठक के बाद मंत्री बन्ना गुप्ता के कोरोना पाजिटिव होने की सूचना मिली थी. इसके बाद एहतियात बरतते हुए मुख्यमंत्री ने सभी कैबिनेट सहयोगियों को होम क्वारंटाइन की सलाह दी थी.
हालांकि मुख्यमंत्री पूरी तरह स्वस्थ हैं. कैबिनेट की बैठक में राज्य सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर शामिल थे. इस बार वे खतरे से बाहर हैं.
हालांकि ठाकुर पूर्व में कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं. सीएम इससे पूर्व मिथिलेश ठाकुर और विधायक मथुरा महतो के संक्रमित होने के बाद अपनी जांच करा चुके हैं. सीएम आवास पर कई कर्मचारियों के संक्रमित होने के बाद भी वे अपनी जांच करा चुके हैं.

